शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने रामपाल को दी शास्त्रार्थ की खुली चुनौती, शिवांश नारायण बनाए प्रतिनिधि
•579 views•2 मिनट पढ़ें
वाराणसी में ‘रामपाल का रसातल गमन’ ग्रंथ का विमोचन, सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर शास्त्रीय बहस की मांग
वाराणसी। केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में 18 अक्टूबर को आयोजित प्रेस वार्ता में ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रामपाल के विचारों और उनकी पुस्तकों में सनातन धर्म, वेद-शास्त्रों तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर सवाल उठाए। उन्होंने इन विषयों का शास्त्रों के प्रमाण और तर्कों के आधार पर खंडन करने की आवश्यकता बताई।
प्रेस वार्ता के दौरान शंकराचार्य ने रामपाल की ओर से दी गई कथित शास्त्रार्थ चुनौती के संदर्भ में आमने-सामने बहस करने की बात कही। उन्होंने किसी तटस्थ स्थान पर शास्त्रार्थ आयोजित करने की चुनौती दी, ताकि धार्मिक विषयों पर उठाए गए सवालों का जवाब शास्त्रीय प्रमाणों के आधार पर दिया जा सके।
शिवांश नारायण द्विवेदी को सौंपी जिम्मेदारी
इस अवसर पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने शिवांश नारायण द्विवेदी को अपनी ओर से प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की। उनका कहना था कि सनातन धर्म और धर्मशास्त्रों के संबंध में किए जा रहे प्रचार का शास्त्रीय आधार पर जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।
‘रामपाल का रसातल गमन’ पुस्तक का विमोचन
प्रेस वार्ता में शिवांश नारायण द्विवेदी द्वारा संकलित पुस्तक ‘रामपाल का रसातल गमन’ का विमोचन भी किया गया। आयोजकों के अनुसार, पुस्तक में रामपाल की पुस्तकों और उनके विचारों में सनातन धर्म तथा धर्मशास्त्रों को लेकर उठाए गए विभिन्न मुद्दों का शास्त्रीय आधार पर निराकरण प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
प्रेस वार्ता में हिंदू धार्मिक परंपराओं, पर्वों, धार्मिक प्रतीकों, वैदिक विवाह संस्कार तथा धर्मशास्त्रों की व्याख्या से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। इसके साथ ही संबंधित पुस्तकों के प्रकाशन, मुद्रण और वितरण व्यवस्था तथा लखनऊ में हुई कानूनी कार्रवाई से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।
यह जानकारी शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी।